: सागर में होगा परिवहन सेवाओं का विस्तार, मिली 32 ई-बसों की सौगात
Thu, Feb 29, 2024
सागर जिले में लोक परिवहन सेवाओं को बढ़ावा देने तथा यात्रियों की सुविधाओं को दृष्टिगत रखते हुए 32 ई-बसों की सौगात प्रदान की गई है। मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में इसे मंजूरी दे दी गई। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के प्रयासों से शहरों में सिटी बस सेवाओं में ई-बसों को शामिल करने की मंजूरी मिल गई है। अब जल्दी ही ई- बसें यात्री सुविधाओं को विस्तार देते हुए शहर की सड़कों में दौड़ती हुई नजर आयेगी ।इसके पूर्व भी मंत्री राजपूत के प्रयासों से ही सागर से भोपाल सिटी बसें चलाकर यात्री सुविधाओं में इजाफा किया गया था। वही अब ई- बसों की सुविधा देकर यात्रियों के लिए एक और कड़ी जोड़ दी गई है। इन ई- बसों के संचालन से शहरवासियों के लिए जहा एक तरफ प्रदूषण से राहत मिलेगी वहीं दूसरी तरफ आवागमन की सुविधा का सरलीकरण हो जायेगा। इन ई-बसों का संचालन पीपीपी मॉडल के आधार पर किया जायेगा। जल्द ही सागर शहर में ई- बसों की सुविधाएं यात्रियों को प्राप्त होने लगेंगी।
: सागर : कमिश्नर और कलेक्टर ने ओला वृष्टि से प्रभावित फसलों का लिया जायजा
Thu, Feb 29, 2024
बेमौसम हुई बरसात एवं ओला वृष्टि से फसलों के नुकसान की जानकारी प्राप्त होने पर कमिश्नर सागर संभाग डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत एवं दमोह कलेक्टर मयंक अग्रवाल ने जिले के अनेक ग्रामों का दौरा कर खेतों में फसलों की स्थिति का अवलोकन किया। इस अवसर पर ग्राम जुझार, मुडारी सहित हिंडोरिया उप तहसील के अनेक ग्रामों का भ्रमण कर किसानों से चर्चा की।
संभागायुक्त डॉ. रावत ने जुझार रियाना, मुड़ारी सहित अन्य गांवो के खेतों में पहुँचे और किसानों से चर्चा की। डॉ. रावत ने किसानों से चर्चा करते हुये कहा कि मौके पर आपकी फसलों की क्षति देखने आये है। संभागायुक्त ने तत्काल सर्वे के निर्देश राजस्व अधिकारियों को दिये। साथ ही फसलों का सर्वे कर राहत राशि वितरण के निर्देश दिए गये। इस अवसर पर ज्वाइंट कमिश्नर अनिल दुबे, तहसीलदार मोहित जैन, नायब तहसीलदार रघुनंदन चतुर्वेदी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
: हाई लिमिट पोल से टकराई स्लीपर कोच बस, टला बड़ा हादसा
Wed, Feb 28, 2024
शिवपुरी–जिले के देहात थाना क्षेत्र के तहत आने वाले गुना बाईपास पर बुधवार की सुबह एक तेज रफ्तार स्लीपर कोच बस यातायात पुलिस द्वारा लगाए गए हाई लिमिट पोल से टकरा गई। गनीमत यह रही कि कोई बड़ा हादसा घटित नहीं हुआ लेकिन बस के टकराने के बाद यात्रियों में चीख पुकार मच गई।जानकारी के अनुसार शरद कंपनी की स्लीपर कोच यात्री बस आज सुबह गुना की तरफ से चलकर शिवपरी आ रही थी। इसी दौरान गुना बाईपास पर भारी वाहनों का शहर में प्रवेश रोकने के लिए यातायात पुलिस द्वारा लगाए गए हाइट लिमिट पोल से स्लीपर कोच बस टकरा गई। बताया जा रहा है कि बस का ड्राइवर शराब के नशे में था जिस वजह से यह हादसा हुआ फिलहाल बस को लेकर ड्राइवर मौके से फरार हो गया वहीं मामले की जांच पुलिस कर रही है।