: सागर संसदीय क्षेत्र की सांसद डॉ लता वानखेड़े आज शपथ लेंगी
Mon, Jun 24, 2024
सागरI 18वीं लोकसभा का पहला सत्र आज से शुरू हो गया है। जिसमे आज पीएम मोदी ने लोकसभा सदस्य की शपथ ली। पीएम मोदी के बाद उनकी कैबिनेट के लोकसभा सांसद शपथ ले रहे हैं। नवनिर्वाचित सांसदों का आज शाम 5:00 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा,प्रोटेम स्पीकर नए सांसदों को शपथ दिलाएंगे I सागर संसदीय क्षेत्र की सांसद डॉक्टर लता वानखेड़े आज सांसद पद की शपथ लेंगीI 18वीं लोकसभा का पहला सत्र 3 जुलाई तक चलेगा I संसद में आज और कल नए सांसद शपथ लेंगे।
: जिला न्यायालय परिसर में योग शिविर का आयोजन किया गया
Sat, Jun 22, 2024
सागर I म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला न्यायाधीश/ अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण महेश कुमार शर्मा की अध्यक्षता एवं योगाचार्य डॉ. श्वेता नेमा के मार्गदर्शन आज अंतर्राष्ट्रींय योग दिवस के अवसर पर जिला न्यायालय परिसर सागर में योग शिविर का आयोजन किया गया है।
जिला न्यायालय परिसर में आयोजित उक्त योग शिविर के दौरान प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष महेश कुमार शर्मा, विशेष न्यायाधीश प्रदीप सोनी, जिला मुख्यालय पर पदस्थ समस्त न्यायाधीशगण, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह राजपूत, अधिवक्ता संघ के अधिकारीगण, सदस्य व अन्य अधिवक्ता, लीगल एड डिफेंस काउंसिल्स के अधिवक्ता सहित जिला न्यायालय सागर और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सागर के कर्मचारीगण उपस्थित थे।योगाचार्य डॉ. श्वेता नेमा ने योग शिविर में योग के लाभों को वर्णित किया और बताया कि योग न केवल शारीरिक अपितु मानसिक रूप से होने वाले तनाव व थकान को भी जड़ से समाप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिये हमें निरंतर योग अभ्यास को अपने जीवन में स्वीकार करना चाहिये। अंतर्राष्ट्रींय योग दिवस के अवसर पर जिला न्यायालय परिसर में आयोजित योग शिविर में न्यायाधीश, अधिवक्ता व कर्मचारी द्वारा योग लाभ लिया गया।
: एक परिसर में अलग-अलग रह रहे परिवारों को बिजली कनेक्शन दिये जाएंगे
Sat, Jun 22, 2024
सागर I कार्यपालन अभियंता (नगर संभाग) म.प्र.पू.क्षे.वि.वि.कं.लि ने बताया कि एक ही परिसर में पृथक-पृथक निवासरत परिवारों को घरेलु विद्युत कनेक्शन प्रदान किये जायेंगे। जिसके लिए आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। जिसमें पृथक से निवासरत परिवारों की पृथक से जारी की गई परिवार समग्र आई.डी. की छायाप्रति, निवासरत परिवारों की पृथक से लिये गये एल.पी.जी. कनेक्शन की छायाप्रति जमा कराना होंगे।
ऐसे परिसर जिनमें किरायेदार निवासरत है, में पृथक स्वतंत्र कनेक्शन हेतु रजिस्टर्ड किरायानामा प्रस्तुत करना होगा, बशर्ते मकान मालिक व किरायेदार सगे संबंधी न हो। परिसर/आवेदक के विरूद्ध विद्युत वितरण कंपनी की कोई बकाया राशि नहीं होनी चाहिए। ऐसे आवेदक, जहाँ मूल परिसर/उपभोक्ता के विरूद्ध विद्युत चोरी का प्रकरण लंबित है, ऐसे आवेदनों पर विचार नहीं किया जावेगा। ऐसे नवीन कनेक्शन आवेदन के साथ वार्ड पार्षद एवं विद्युत कार्यालय के अधिकारी का संयुक्त प्रमाणपत्र पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा। आवेदक का आधार कार्ड, बैंक पासबुक, परिवार समग्र आई.डी., एल.पी.जी. कनेक्शन, एक फोटो, मकान की रजिस्ट्री, सम्पत्तिकर की रसीद की छायाप्रति एवं किरायेदार को कनेक्शन लेने हेतु रजिस्टर्ड किरायानामा होना चाहिए। साथ में भवन मालिक की सहमति भी आवश्यक है।