: द्रोणाचल स्थित वॉर मेमोरियल जन सामान्य के लिए खोला जाएगा
Thu, Mar 14, 2024
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भोपाल स्थित सेना के स्ट्राइक कोर के जनरल आफिसर कमांडिंग प्रीतपाल सिंह तथा ब्रिगेडियर एस.एस. छिल्लर ने समत्व भवन में सौजन्य भेंट की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव को हेड क्वार्टर 21 कॉर्प की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को जीओसी प्रीतपाल सिंह ने अवगत कराया की द्रोणाचल स्थित वॉर मेमोरियल शीघ्र ही जन सामान्य के लिए खोला जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हरदा सहित अन्य आपदाओं के दौरान सेना द्वारा दिए गए त्वरित सहयोग की सराहना की। कर्नल विशाल आहूजा भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
: राजकीय विश्वविद्यालय शुरू होने से हजारों विद्यार्थियों को मिलेगा फायदा
Thu, Mar 14, 2024
सागर/
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर
में रानी अवंती बाई लोधी विश्वविद्यालय का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर रानी अवंती बाई लोधी विश्वविद्यालय का शुभारंभ किया। सागर के पीटीसी ग्राउंड में विश्वविद्यालय के डिजिटल लांच के लिए आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विश्वविद्यालय इसी सत्र से शुरू होगा। विश्वविद्यालय के लिए भवन भी बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. हरिसिंह गौर की नगरी सागर ने शिक्षा के क्षेत्र में देश का नेतृत्व किया है।
रानी अवंती बाई लोधी विश्वविद्यालय से सागर और दमोह जिले के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
सागर में राजकीय विश्वविद्यालय शुरू होने का लाभ सागर और दमोह जिले के 70 हजार विद्यार्थियों को मिलेगा। विश्वविद्यालय से दोनों जिलों के 78 कॉलेज संबंद्ध होंगे। उल्लेखनीय है कि उच्च शिक्षा विभाग ने सागर समेत गुना, खरगौन में राजकीय विश्वविद्यालय की स्थापना की सैद्धांतिक स्वीकृति दी है। इसके आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। सागर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज को रानी अवंती बाई लोधी विश्वविद्यालय बनाया गया है। यह लीडिंग कॉलेज विश्वविद्यालय की संगठक इकाई होगी अर्थात महाविद्यालय का अस्तित्व बना रहेगा। विश्वविद्यालय में शिक्षा सत्र 2024-25 से शुरू होगा और प्रवेश आगामी सत्र से शुरू हो जाएगा।उच्च शिक्षा विभाग ने गर्ल्स कॉलेज की अर्थशास्त्र की प्रोफेसर शक्ति जैन को विश्विद्यालय का प्रथम कुलसचिव बनाया है। उन्हें अपने वर्तमान कर्तव्यों के साथ रानी अवंती बाई लोधी विश्वविद्यालय के कुलसचिव का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
: स्कूलों की नवीनीकरण मान्यता के लिए आवेदन 15 मार्च तक
Wed, Mar 13, 2024
सागर / शिक्षा का अधिकार अधिनियम अंतर्गत सत्र 2024-25 के लिए प्रायवेट स्कूलों की नवीन मान्यता, नवीनीकरण मान्यता आवेदन के लिए नवीन आदेशानुसार 15 मार्च निर्धारित किया गया है। राज्य शिक्षा केन्द्र के संचालक ने इस संबंध में सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये है कि विहित समय सीमा के भीतर नवीन मान्यता, मान्यता के नवीनीकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत करने में सोसायटी, ट्रस्ट के असफल रहने पर विलंब शुल्क के रूप में 5 हजार रूपये की राशि अतिरिक्त जमा करने पर 11 से 15 मार्च तक किया जा सकेगा। शासन के निर्णय अनुसार विलंब शुल्क 5 हजार रूपये के साथ मान्यता आवेदन 15 मार्च तक किया जा सकेगा। इस तिथि के पश्चात आवेदन नहीं किये जा सकेंगे।