अवैध कॉलोनियों को लेकर निगम की आम सूचना : कटनी- अवैध कॉलोनियों पर चेतावनी, 15 अप्रैल को सामान्य सम्मेलन, स्वच्छता व अतिक्रमण अभियान तेज
पवन श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ कटनी
Wed, Apr 8, 2026
नगर निगम कटनी सक्रिय मोड में: अवैध कॉलोनियों पर चेतावनी, 15 अप्रैल को सामान्य सम्मेलन, स्वच्छता व अतिक्रमण अभियान तेज
कटनी, / नगर पालिक निगम कटनी द्वारा शहर के सुव्यवस्थित विकास, स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ करने, यातायात सुधार तथा अवैध कॉलोनियों पर नियंत्रण को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। निगम प्रशासन ने एक साथ कई महत्वपूर्ण निर्णय और अभियान शुरू करते हुए नागरिकों को जागरूक रहने की अपील की है।
अवैध कॉलोनियों को लेकर निगम की आम सूचना
नगर निगम प्रशासन ने शहर में बिना वैधानिक स्वीकृति विकसित हो रही कॉलोनियों को लेकर आम सूचना जारी की है। नागरिकों से कहा गया है कि किसी भी भूमि या प्लॉट का क्रय-विक्रय करने से पूर्व उसकी वैधता की जानकारी अनिवार्य रूप से नगर निगम कार्यालय से प्राप्त करें।
कार्यपालन यंत्री एवं कॉलोनी सेल प्रभारी अंशुमान सिंह ने बताया कि कुछ कॉलोनाइजर बिना अनुमति प्लॉटिंग कर कॉलोनियां विकसित कर रहे हैं, जो मध्यप्रदेश नगर पालिका (कॉलोनी विकास) नियम-2021 का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में नियम 22(2) एवं 22(3) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
निगम द्वारा विभिन्न वार्डों एवं ग्राम क्षेत्रों के कई खसरा नंबरों को चिन्हित किया गया है, जहां अवैध कॉलोनी विकास के प्रकरण सामने आए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृति विकसित कॉलोनियों में निवेश करने पर भविष्य में कानूनी एवं आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
15 अप्रैल को होगा नगर निगम का सामान्य सम्मेलन
नगर पालिक निगम कटनी का सामान्य सम्मेलन 15 अप्रैल 2026 को दोपहर 12 बजे निगम सभाकक्ष में आयोजित किया जाएगा। बैठक में शहर विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होगी।
कार्यसूची के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 के पुनरीक्षित बजट तथा वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित बजट पर विचार किया जाएगा। साथ ही जलकर अधिभार, संपत्तिकर निर्धारण में संशोधन, कर योग्य संपत्तियों के मूल्य में वृद्धि, ट्रेड लाइसेंस शुल्क संशोधन तथा नए व्यवसायों को ऑनलाइन पोर्टल में शामिल करने जैसे प्रस्ताव रखे जाएंगे।
बैठक में सौर ऊर्जा उपयोग करने वाले भवनों को संपत्तिकर में छूट देने तथा वीर सावरकर वार्ड क्रमांक-12 की अनुसूचित वर्ग बस्ती का नाम “संत रविदास नगर” किए जाने का प्रस्ताव भी विचारार्थ प्रस्तुत होगा।
स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर सफाई अभियान तेज
स्वच्छता सर्वेक्षण के मानकों को ध्यान में रखते हुए नगर निगम प्रशासन ने शहर में सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। बाजार क्षेत्रों, मुख्य मार्गों एवं आवासीय वार्डों में दो शिफ्ट में सफाई कार्य कराया जा रहा है।
नोडल अधिकारियों द्वारा प्रतिदिन मॉनिटरिंग कर डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जा रहा है। सार्वजनिक स्थलों, नालियों और प्रमुख मार्गों की विशेष सफाई के साथ मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों का उपयोग कर वायु गुणवत्ता सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं।
मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए फॉगिंग मशीनों एवं कीटनाशक दवाओं का छिड़काव अभियान भी चलाया जा रहा है। वहीं सार्वजनिक स्थलों पर घूमने वाले मवेशियों को हटाने के लिए हांका दल द्वारा कार्रवाई की जा रही है।
निगमायुक्त ने अधिकारियों को स्वच्छता कार्यों में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं तथा नागरिकों से निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालने की अपील की है।
अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी, अव्यवस्थित पार्किंग पर जुर्माना
शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से नगर निगम की अतिक्रमण टीम द्वारा मुख्य मार्गों पर कार्रवाई जारी है। अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह के नेतृत्व में बिलैया तलैया सब्जी मंडी, गोल बाजार, सुभाष चौक से बस स्टैंड मार्ग तक सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए तथा हॉकर्स जोन को व्यवस्थित किया गया।
संयुक्त अभियान के दौरान अव्यवस्थित पार्किंग एवं यातायात बाधित करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए 2600 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
निगम प्रशासन ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि सार्वजनिक मार्गों को बाधित कर व्यवसाय न करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन करें, जिससे अनावश्यक जाम की स्थिति से बचा जा सके।

Tags :
nagar nigam katni
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन