सागर : देश में पहली बार सागर में सड़क सुरक्षा के तहत विशेष ग्राम सभाएं
Fri, Jan 2, 2026
सड़क दुर्घटना में मृत हुए व्यक्ति का पूरा परिवार खत्म होने के बराबर होता है
आपकी एक गलती परिवार से दूर कर सकती है, यातायात के नियमों का पालन कर वाहन चलाएं -- कलेक्टर संदीप जी आर
चालान से ज्यादा अपनी जान को सुरक्षित रखें, सड़क सुरक्षा में अपनी सुरक्षा है --पुलिस अधीक्षक श्री शाहवाल
जिले में आयोजित की गई विशेष ग्राम सभाएं
सागर / सड़क दुर्घटना में मृत हुए व्यक्ति का पूरा परिवार खत्म होने के बराबर होता है एवं आपकी एक गलती परिवार से दूर कर सकती है, यातायात के नियमों का पालन कर वाहन चलाएं। उक्त विचार कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने नवाचार करते हुए देश में पहली बार सागर में सड़क सुरक्षा के विषय पर आयोजित विशेष ग्राम सभाओं के शुभारंभ अवसर पर बमोरी बीका ग्राम में व्यक्त किए। इस अवसर पर श्रीमती संतोषी राजेश सिंह, श्रीमती कविता सिंह, श्री महेंद्र सिंह, श्री विक्रम सिंह, जी राजू सिंह, श्री नितेश सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री विवेक के वी, जिला शिक्षा अधिकारी श्री अरविंद जैन, एनएचएआई प्रोजेक्ट डायरेक्टर श्री सिद्धांत सिंघई, एसडीएम श्री अमन मिश्रा, श्रीमती सविता मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद थे।
कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने विशेष ग्राम सभा में बोलते हुए कहा कि यह विशेष ग्राम सभा आपके जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि जब वाहन दुर्घटना होती है तो उसमें व्यक्ति घायल या मृत होता है और जब व्यक्ति मृत होता है तो उसके परिवार पर अत्यंत बज्राघाट होता है क्योंकि वही व्यक्ति उस परिवार का मुखिया होता है और जब मुखिया चला जाता है तो घर का चलना बड़ा कठिन रहता है। इसलिए सड़क पर चलते समय पूरे यातायात के नियमों का पालन करें।
कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने कहा कि प्रायः देखा जाता है कि ग्राम सभा में अनेक बिंदु होते हैं किंतु इस विशेष ग्राम सभा में केवल सड़क सुरक्षा के संबंध में आपसे बात कर रहा हूं और आपकी सहमति एवं संकल्प के साथ आगे बढ़ाने के लिए आपके समक्ष आया हूं। उन्होंने कहा कि आपने धूम फिल्म देखी होगी उसमें बाइकर पूरे यातायात के नियमों का पालन करता है और सभी हेलमेट सहित अन्य सुरक्षा उपकरण धारण किए रहते हैं। उन्होंने कहा कि आप भी हेलमेट एवं सीट बेल्ट लगाकर वाहन चलाएं। उन्होंने कहा कि शाम को 6 से 9 एवं रात में 2 से 5 के बीच गाड़ी चलाने से बचे। कलेक्टर ने कहा कि आपकी दो मिनट की जल्दबाजी आपकी परिवार से आपको दूर कर सकती है आप जल्दबाजी न करे।
कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने समस्त सड़क निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क निर्माण की पूर्व सभी जगह आवश्यक वेरीकेटिंग करें एवं संकेतक लगाएं जिससे कि कहीं भी दुर्घटना न हो। उन्होंने समस्त ग्राम सभा में पहुंचे ग्रामवासियों से अपील की कि कभी भी रात में गाड़ी न चलाएं एवं नशे में भी गाड़ी का उपयोग न करें और निर्धारित क्षमता के अनुसार गाड़ी पर बैठकर गाड़ी का संचालन करें। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार गाड़ी के साइड में न लगाऐं बैग लगाने से अधिक दुर्घटना होती है।
कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने कहा कि शासन की राहवीर योजना का प्रचार प्रसार करें जिससे की दुर्घटना में घायल व्यक्ति का समय पर उपचार हो सके और घायल व्यक्ति को अस्पताल तक पहुंचने वाले व्यक्ति को सम्मान राशि एवं प्रमाण पत्र मिलेगा।
पुलिस अधीक्षक श्री विकास शाहवाल ने कहा कि यह विशेष ग्राम सभा कलेक्टर श्री संदीप जी आर की अभिनव पहल है। इस पहल से अवश्य सागर जिले में दुर्घटनाओं पर विराम लगेगा। उन्होंने कहा कि आप सभी चालान से न डरें अपनी जान जाने से बचें। आपकी जान महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आपकी एक गलती आपके पूरे परिवार से दूर कर सकती है और आपका परिवार में रहना अत्यंत आवश्यक है उन्होंने कहा कि रात में चलने से हम सबको बचना चाहिए आवश्यक होने पर ही सावधानी के साथ वाहन का संचालन करें। उन्होंने कहा कि समय-समय पर गाड़ी की जांच भी कराऐं और आवश्यक उपकरण जो लगे हैं उनको हमेशा लगे रहने दें। उन्होंने कहा कि हमेशा गाड़ी अपनी लाइन पर ही चलाएं जल्दबाजी न करें।
पुलिस अधीक्षक श्री शाहवाल ने कहा कि दुर्घटना होते समय कोई भी व्यक्ति वीडियो फोटो न ले बल्कि घायल को तत्काल अस्पताल भेजने की व्यवस्था करें। उन्होंने कहा कि शासन ने राहवीर योजना प्रारंभ की है जिसमें घायल व्यक्ति को अस्पताल तक पहुंचने वाले व्यक्ति को ₹25000 की राशि प्रदान की जाती है।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री मनोज तेहगुनिया ने स्वागत भाषण एवं प्रतिवेदन देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के अंतर्गत यह देश में पहली बार विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन सागर में कलेक्टर श्री संदीप जी आर के द्वारा किया जा रहा है जिसमें उन्होंने कहा कि जो परिवार से करें प्यार हेलमेट से न करें इंकार सभी हेलमेट लगाए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के समय पहला घंटा गोल्डन आवर कहलाता है इस गोल्डन आवर में घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाएं जिससे कि उसकी जान सुरक्षित हो सके।
विशेष ग्राम सभा में डॉक्टर देवेश पटेरिया ने दुर्घटना में घायल व्यक्ति को कैसे बचाया जा सकता है इसके संबंध में विस्तार से जानकारी दी। डॉ देवेश पटेरिया ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद के लिए पहले शांत रहें और तुरंत एम्बुलेंस बुलाएं। चोट से रक्तस्राव होने पर चोट को साफ कपड़े से बांधे एवं खून बहने से रोकें, घायल को ज्यादा न हिलाएं, सिर-गर्दन को सीधी रखें, सुनिश्चित करें कि घायल सांस सुगमता से ले सके, घायल के सिर या गर्दन को झुकाने से बचें अगर घायल सांस नहीं ले रहा तो घायल को सीपीआर दें। इस हेतु प्रत्येक व्यक्ति को सीपीआर का प्रशिक्षण लेना चाहिए। अगर घायल बेहोश हो तो उसे पानी अथवा कोई पेय पदार्थ जबरदस्ती न पिलाएं। अगर कोई हड्डी टूटी है या सिर/गर्दन में चोट है, तो घायल को कम से कम हिलाएं हड्डी टूटने की स्थिति में किसी सीधी टहनी और कपड़े से बांध कर सहारा दें। सड़क दुर्घटना में सिर और छाती की चोट बहुत गंभीर हो सकती हैं यह ऐंसी चोट होती है जो बाहर से दिखाई नहीं देती लेकिन ऐंसी चोटों से आंतरिक अंगों पर अत्यधिक प्रभाव पड़ता और घायल की मृत्यु भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि वाहन की हालत को ठीक रखें, वाहने से चलने से पहले उसकी ठीक से जांच कर लें। यदि वाहन में खराबी हो तो ऐंसे वाहन से चलने से बचें। सड़क पर चलने पर यातायात नियमों का पालन करें। दो पहिया, चार पहिया वाहन से चलते समय हेलमेंट और सीटबैल्ट लगा कर रखें। बड़े एवं भारी वाहन बच्चों को देने से बचें।
विशेष ग्राम सभा में कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने बुंदेली भाषा में सड़क सुरक्षा के संबंध में शपथ भी दिलाई सड़क सुरक्षा मित्र को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया एवं विशेष ग्राम सभा में मौजूद ट्रैक्टर ट्राली टैंकर पर रेडियम की पट्टी भी लगाने का कार्य शुरू किया। विशेष ग्राम सभा में निशुल्क हेलमेट का भी वितरण किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर अमर जैन ने किया।
सागर : विशाल निरंकारी आध्यात्मिक सत्संग संपन्न
Thu, Jan 1, 2026
03 जनवरी दिन शनिवार को तिली वार्ड में सत्संग का आयोजन
सागर । 29 दिसंबर शाम 3:00 बजे से 5:00 बजे तक रहली स्थित रघुनाथ गार्डन में (फरीदाबाद) हरियाणा से पधारे महात्मा श्री महेश चंद्र जी (ज्ञान प्रचारक) के सानिध्य में निरंकारी आध्यात्मिक सत्संग का आयोजन किया गया । जिसमे बड़ी संख्या में निरंकारी महापुरुष उपस्थित थे । जानकारी देते हुए मीडिया सहायक सुनील कुमार मनवानी ने बताया कि फरीदाबाद से पधारे निरंकारी संत जी का प्रोग्राम विगत दिनों बीना और खुरई सत्संग के बाद आज रहली में निरंकारी आध्यात्मिक सत्संग का आयोजन किया गया । संत महेश चंद जी ने अपने प्रवचनों के दौरान फरमाया की आज का इंसान मोह माया के पीछे दौड़े लगा रहा है । जबकि यह मोह माया साथ जाने वाली नहीं है ।
केवल साथ जाएगा इस प्रभु परमात्मा का ज्ञान इस निराकार की भक्ति जो कण-कण में पत्ते पत्ते में हर जगह यह सर्वत्र समाया राम है हमें इसका ज्ञान लेकर इसको जानकर भक्ति करना है । और हमें हमेशा सेवा, सिमरन और सत्संग करना है । यह वह ब्रह्म ज्ञान है। जो भगवान श्री कृष्ण ने अर्जुन को रण के मैदान में अर्जुन को दिया और कहां हे अर्जुन जैसे एक माला बनती है तो हर फूल से धागा गुजरता है । फिर वह माला बनती है । इसी तरह यह परमात्मा हर जगह है जैसे आप लोग यहां किसान लोग बैठे हैं । फसल बोते हैं बीज गेहूं के बोते हैं तो गेहूं के साथ-साथ खरपतवार भी अपने आप उग आती है । ऐसे ही हमारे अंदर यह मोह, लोभ और अहंकार रूपी खरपतवार अपने आप उग आती है यह मानव जन्म ही हमें इस प्रभु परमात्मा को जानने के लिए मिला है। इस ब्रह्म ज्ञान की दात को प्राप्त करके यह मनुष्य जन्म हमें उज्जवल बनाना है। नहीं तो हमें फिर 84 लाख योनियों में भटकना पड़ेगा ।सत्संग के पश्चात करीब 21 भाई बहनों ने ब्रह्म ज्ञान को प्राप्त किया । निरंकारी सत्संग में जूड़ा, रिम खिरिया, संजरा, रेंजा, पिपरिया, जामघाट, पाटई, चतुर्भटा,चितौरा, गढ़ाकोटा और सागर से करीब 400 से 500 भाई बहनों ने बढ़-चढ़कर सत्संग में पधारे। अंत में दुपट्टा पहना कर महात्माओं का स्वागत सागर जोनल इंचार्ज महात्मा नारायण दास निरंकारी जी के साथ रहली से आचार्य गुप्ता जी, जूड़ा से रामस्वरूप जी, बांदा से पधारे धर्मराज जी ने दुपट्टा पहना कर स्वागत किया। इस निरंकारी सत्संग में डॉक्टर बृजेंद्र कुमार जायसवाल ,शीतल दास, प्रकाश, भगत राम, सुरेश मोहनानी, सुनील मनवानी संजय एवं फरीदाबाद से पधारे महात्माओं के साथ संजय नागर जी, दयाराम जी, राजेंद्रर पाल जी ने भी अपने विचारों द्वारा और गीतों द्वारा आशीर्वाद प्राप्त किया।
आप जी की हुजूरी में आज मंगलवार को सागर में सुबह 8 से 9:30 बजे तक सिविल लाइन में सत्संग का आयोजन भी किया गया एवं आगे भी आप जी की हुजूरी में आने वाले नए साल के उपलक्ष में दिनांक 03 जनवरी 2026 दिन शनिवार को तिली वार्ड में सत्संग का आयोजन भी रखा गया है ।
एवं सागर में दिनांक 04 जनवरी 2026 दिन रविवार को सुबह 9:00 से 11:30 तक झूलेलाल उद्यान संत कंवर राम वार्ड सागर में विशाल निरंकारी आध्यात्मिक का सत्संग का आयोजन भी रखा गया है।
इस सत्संग प्रोग्राम में सागर जोनल इंचार्ज श्री नारायण दास निरंकारी जी ने सभी धर्म प्रेमी बंधुओ से विनम्र आग्रह किया है कि सत्संग में पधार कर धर्म लाभ अर्जित करें।
सागर : नववर्ष 2026 को लेकर सागर पुलिस अलर्ट मोड पर
Tue, Dec 30, 2025
शांति, सुरक्षा, कानून व्यवस्था एवं साइबर सुरक्षा हेतु सख्त एडवाइजरी जारी
सागर/ नववर्ष 2026 के आगमन को दृष्टिगत रखते हुए जिले में शांति, सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा साइबर अपराधों की रोकथाम हेतु सागर पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं साइबर एडवाइजरी जारी की गई है।
पुलिस अधीक्षक सागर श्री विकाश कुमार शाहवाल के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री डॉ. संजीव उइके एवं श्री लोकेश कुमार सिंहा के मार्गदर्शन में जिले भर में विशेष पुलिस तैनाती, सतत निगरानी एवं साइबर सतर्कता व्यवस्था लागू की गई है।
भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी
नववर्ष के अवसर पर संभावित भीड़ को देखते हुए होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, मॉल, पार्क, पर्यटन स्थल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में
सघन पैदल गश्त,
वाहन चेकिंग,
संदिग्ध व्यक्तियों एवं असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी
के निर्देश दिए गए हैं।
नशे, हुड़दंग एवं यातायात उल्लंघन पर “जीरो टॉलरेंस”
नववर्ष के दौरान निम्न उल्लंघनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी—
शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध ब्रीथ एनालाइजर से सघन जांच
सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी, हुड़दंग, अश्लील व्यवहार पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई
तेज गति, स्टंटबाजी, प्रेशर हॉर्न, तीन सवारी, बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई
ड्रोन, CCTV एवं सोशल मीडिया से सतत निगरानी
संवेदनशील क्षेत्रों में CCTV कैमरों, मोबाइल पेट्रोलिंग, ड्रोन कैमरों एवं सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के माध्यम से प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।
सोशल मीडिया पर अफवाह, भ्रामक, आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री पोस्ट अथवा प्रसारित करने वालों के विरुद्ध आईटी एक्ट एवं अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Snake APK एवं साइबर फ्रॉड से सतर्क रहने की अपील
नववर्ष के दौरान साइबर ठगों द्वारा Snake APK, फर्जी गेमिंग ऐप, इनाम/ऑफर लिंक या वीडियो फाइल के माध्यम से मोबाइल हैक कर बैंक खातों से धोखाधड़ी की घटनाएँ सामने आ रही हैं।
इसी को दृष्टिगत रखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
सागर पुलिस आमजन से अपील करती है कि—
किसी भी अनजान नंबर या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से प्राप्त APK, लिंक या वीडियो डाउनलोड न करें
मोबाइल में ऐप केवल Google Play Store से ही इंस्टॉल करें
OTP, बैंक विवरण, UPI पिन किसी से साझा न करें
साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत Cyber Helpline 1930, Dial 112 अथवा नजदीकी थाना को सूचना दें
महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई है।
किसी भी आपात स्थिति में नागरिक Dial 112 / 100 पर तत्काल संपर्क कर सकते हैं।
सागर पुलिस की जनता से अपील
नववर्ष का स्वागत शालीनता, संयम एवं जिम्मेदारी के साथ करें
कानून का पालन करें एवं पुलिस प्रशासन का सहयोग करें
किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा साइबर धोखाधड़ी की सूचना तुरंत पुलिस को दें
अफवाहों पर ध्यान न दें एवं न ही उन्हें आगे बढ़ाएं
सागर पुलिस आमजन की सुरक्षा हेतु 24×7 तत्पर है।