: अतिथि शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण के लिए किया गया शिविर का आयोजन
Wed, Aug 21, 2024
सागर I कलेक्टर संदीप जी. आर. के निर्देशानुसार जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा अतिथि शिक्षकों की समस्याओं के निवारण के लिए कलेक्टर सभाकक्ष में आज समस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया।
कलेक्टर संदीप जी. आर. ने विगत मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई में जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया था कि शनिवार को अतिथि शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण के लिए शिविर आयोजित किया जाए, जिसके परिप्रेक्ष्य में आज शनिवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीसी शर्मा की अध्यक्षता में शिविर आयोजित किया गया। जिसमें जिले के 500 से अधिक अतिथि शिक्षक उपस्थित हुए और उन्होंने अपने आवेदन जमा किए।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीसी शर्मा ने बताया कि यह शिविर कलेक्टर संदीप जी. आर. के आदेशानुसार आयोजित किया गया है, जिसमें अतिथि शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण के लिए उनका आवेदन लिये गये हैं। जिनका परीक्षण करने के उपरांत शिक्षकों को सूचित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज अनुमान से अधिक अतिथि शिक्षक शिविर में पहुंचे जहां उनकी समस्याएं सुनी गई एवं उनके आवेदन लिए गए। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह में उनकी की समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन ने बताया कि अधिकांश अतिथि शिक्षक जिनके स्थान पर उच्च पद प्रभार पर शिक्षक तैनात हुए है जिससे यह समस्या हुई है। श्री जैन ने बताया कि जिले में शासन के निर्देशानुसार उच्च पद प्रभार के लिए काउंसलिंग संपन्न हो चुकी है साथ ही उनके आदेश जारी किए जा चुके हैं जिसके तहत सभी उच्च पद प्रभार के तहत अनेक विद्यालयों में अतिथि शिक्षकों के स्थान पर प्रभार ले रहे हैं जिसके कारण अतिथि शिक्षक उन विद्यालयों में अब काम नहीं कर पाएंगे जिसके कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है ।
उन्होंने कहा कि सभी के आवेदनों का परीक्षण किया जाएगा एवं संकुल प्राचार्य से सभी विद्यालयों के खाली पद एवं भरे पद की जानकारी लेकर निराकरण किया जाएगा।उन्होंने कहा कि आवेदनों के निराकरण के लिए 7 दिन का समय लगेगा और उनकी समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीसी शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन, सहायक संचालक श्रीमती अनीता कुमार, रमाकांत मिश्रा, श्रीमती सविता मिश्रा, श्रीमती कल्पना शर्मा सहित संकुल प्राचार्य, अतिथि शिक्षक एवं अन्य अधिकारी मौजूद थे।
: जनसुनवाई में आए 100 से अधिक व्यक्तियों को मिला कलेक्टर के आदेश का लाभ
Wed, Aug 21, 2024
सागर I प्रत्येक मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित होने वाली जनसुनवाई में कलेक्टर संदीप जी. आर. ने निर्देश दिए थे कि आवेदनकर्ता का आवेदन निःशुल्क टाइप किया जाए। इसके पूर्व आवेदक बाहर से आवेदन टाइप करा कर लाते थे किंतु अब कलेक्टर कार्यालय में ही निःशुल्क आवेदन टाइप किए जाने लगे हैं। इस सुविधा का अब तक 140 लोग लाभ ले चुके हैं।
जनसुनवाई में जिले भर से आए व्यक्तियों ने बताया कि कलेक्टर संदीप जी. आर. की यह पहल सराहनीय है और इस पहल से हम लोगों के सैकड़ों रुपए बचने लगे हैं। हितग्राहियों ने बताया कि पहले हमें आवेदन टाइप करने वालों को 50-50 रुपए देना पड़ते थे परंतु अब कलेक्टर कार्यालय में ही निःशुल्क आवेदन टाइप हो जाते हैं जिससे अब हम सभी के पैसे बचने के साथ-साथ बड़ी सुविधा हो गई है।
: अनुकंपा नियुक्ति देना हमारी जिम्मेदारी: कलेक्टर संदीप जी. आर
Wed, Aug 21, 2024
सागर I अनुकंपा नियुक्ति देना हमारी जिम्मेदारी है और यह नियुक्ति दिवंगत के परिवार के लिए हमारी श्रद्धांजलि होगी। उक्त विचार कलेक्टर संदीप जी. आर. ने व्यक्त किए। उन्होंने समस्त विभागों के विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने विभागों के खाली पदों की सूची तीन दिवस में अपर कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत करें एवं उनके विभागों में लंबित अनुकंपा नियुक्तियों के प्रकरणों की सूची भी अपर कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत करें जिससे कि संबंधित दिवंगत के परिवार को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की जा सके। उन्होंने निर्देशित किया है कि अनुकंपा नियुक्ति देना हमारी जिम्मेदारी है और इस जिम्मेदारी के तहत हम नियुक्ति प्रदान करके दिवंगत आत्मा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित कर सकते हैं।
कलेक्टर संदीप जी. आर. ने कहा कि जिले में अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरण शून्य होना चाहिए। कहीं भी कोई प्रकरण लंबित न रहे इसकी जवाबदारी संबंधित विभाग की होगी।