: मध्यप्रदेश: मौसम में फिर हुआ बदलाव
Tue, Feb 13, 2024
एक बार फिर प्रदेश में मौसम बदल गया है। बीते 24 घंटों के दौरान जबलपुर, छिंदवाडा, नर्मदापुरम, अनूपपुर, मंडला, उमरिया समेत प्रदेश के कई जिलों में बारिश के साथ ओले गिरे। मौसम ठंडा होने से ठंड भी बढ़ गई है इससे तापमान में गिरावट दर्ज हुई है ।
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान जताया है। विभाग की मानें तो बादल छंटने के बाद प्रदेश में एक बार फिर ठंडक बढ़ेगी। भोपाल मौसम विज्ञान केन्द्र से मिली जानकारी के अनुसार, प्रदेश में अगले तीन दिन बादल, बारिश और आंधी चलने के आसार हैं।
: पीएम की अमीरात और कतर की दो-दिवसीय यात्रा आज से शुरू
Tue, Feb 13, 2024
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संयुक्त अरब अमीरात की दो दिनों की यात्रा आज से शुरू हो रही है। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति
शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान
के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। दोनों नेता भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच सामरिक साझेदारी आगे बढ़ाने तथा मजबूत करने पर चर्चा करेंगे और आपसी हितों के क्षेत्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
पिछले आठ महीनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति के साथ यह पांचवीं बैठक होगी। नई दिल्ली में विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा ने कहा कि यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी संयुक्त अरब अमीरात के उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री से भी भेंट करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी दुबई में विश्व सरकार शिखर सम्मेलन 2024 में भाग लेंगे और वहां विशेष बीज वक्तव्य भी देंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अबू धाबी में बने पहले हिंदू मंदिर
‘बोचासनवासी अक्षर पुरूषोत्तम स्वामीनारायण संस्था’
मंदिर का उद्घाटन करेंगे। वे अबू धाबी की ज़ायेद स्पोर्ट्स सिटी में भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे। 2015 के बाद से प्रधानमंत्री की संयुक्त अरब अमीरात की यह सातवीं यात्रा है और पिछले आठ महीनों में तीसरी यात्रा है।
: एमपी टूरिज्म को स्कॉच अवार्ड
Mon, Feb 12, 2024
पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति से रूबरू कराने और सामुदायिक सहभागिता से स्वरोजगार के विभिन्न अवसर उत्पन्न करने वाली ग्रामीण पर्यटन को एक बार फिर स्कॉच संस्था ने सराहा है। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड को नई दिल्ली में 96th स्कॉच समिट में ग्रामीण पर्यटन परियोजना के लिए टूरिज्म श्रेणी में अवार्ड प्रदान किया गया है।
प्रमुख सचिव पर्यटन और संस्कृति एवं प्रबंध संचालक टूरिज्म बोर्ड शिव शेखर शुक्ला ने इस उपलब्धि के लिए पर्यटन बोर्ड के अधिकारियों के साथ ग्रामीण पर्यटन परियोजना में सहयोगी संस्थाओं को बधाई दी हैं। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार ग्रामीण पर्यटन परियोजना में और अधिक ऊर्जा और उत्साह के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा। कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ़ इंडिया न्यू दिल्ली में आयोजित एक समारोह में पर्यटन बोर्ड की ओर से संचालक मनोज सिंह ने पुरस्कार ग्रहण किया।
मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड ने ग्रामीण पर्यटन परियोजना अंतर्गत मध्य प्रदेश के छह संस्कृति क्षेत्र में 100 गांवों का चयन किया हैं। इसमें लगभग 30 गांवों में परियोजना का कार्य प्रारंभ हो गया है। इन गांवों में अतिथि आने लगे हैं और इसमें विदेशी अतिथियों का आगमन बहुत तेज़ी से बढ़ा है। विदेशी पर्यटकों के साथ साथ देशी पर्यटक भी इस परियोजना के प्रति अपनी रुचि दिखा रहे हैं।
वर्ष 2019 में परियोजना प्रारंभ की गई
उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा वर्ष 2019 में यह परियोजना प्रारंभ की गई थी। वर्तमान में केंद्र सरकार के द्वारा इस परियोजना को अत्यधिक महत्व प्रदान किया जा रहा है एवं कई राज्यों ने ग्रामीण पर्यटन परियोजना पर कार्य करना शुरू किया है। मध्यप्रदेश में यह परियोजना स्थानीय समुदाय के द्वारा संचालित की जा रही है इसमें स्थानीय लोगों को विभिन्न प्रकार के रोज़गार के अवसर भी मिल रहे हैं। ग्रामीण पर्यटन परियोजना अंतर्गत ज़मीनी स्तर पर एनजीओ संस्था पार्टनर है जिसके द्वारा क्रियान्वयन किया जा रहा है। परियोजना में विभिन्न शासकीय विभागों का समन्वय है।