: जिले की निजी स्कूलों का निरीक्षण लगातार जारी
Sat, Jun 15, 2024
सागरI शासन के निर्देशानुसार सागर जिले के सभी निजी विद्यालयों का निरीक्षण प्रारंभ किया गया है। निरीक्षण के तहत दो दर्जन से अधिक बिंदुओं पर सूक्ष्मता के साथ जांच की जा रही है। गड़बड़ी मिलने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
एसडीएम की अध्यक्षता में दल का गठन कर सभी एसडीएम अपने दल के साथ अपने-अपने अनुविभाग के अंतर्गत आने वाले निजी विद्यालयों की जानकारी एकत्रित कर कलेक्टर दीपक आर्य के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।
कलेक्टर दीपक आर्य के द्वारा विगत दिवस में दो दर्जन से अधिक बिंदुओं पर निजी विद्यालयों की जानकारी एकत्रित करने के निर्देश दिए गए थे, जिसके परिप्रेक्ष्य में आज सागर शहर के निजी विद्यालयों का निरीक्षण जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन ने अपने दल के साथ प्रारंभ की।
निजी विद्यालयों के संबंध में यदि कोई व्यक्ति/छात्र - छात्राएं या अभिभावक किसी प्रकार की जानकारी देना चाहता है तो वह जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से दे सकता है। उन्होंने कहा कि आप सभी की जानकारी गोपनीय रखी जाएगी एवं उस संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर दीपक आर्य के द्वारा गठित सभी समितियां के द्वारा निजी विद्यालयों में पहुंचकर अभिभावकों पलकों से भी विद्यालय के संबंध में आवश्यक जानकारी ली जा रही है।
बीना एसडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह ने भी बीना अनु विभाग के अंतर्गत आने वाले निजी विद्यालयों जिसमे अध्ययन इंटरनेशनल स्कूल बीना, डिजिटल माइंड्स पब्लिक स्कूल , देव मॉडल पब्लिक स्कूल बीना स्कूल का निरीक्षण किया एवं आवश्यक जानकारी प्राप्त की। अनुविभागीय अधिकारी मुनव्वर खान द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ अतिरिक्त परियोजना अधिकारी अभय श्रीवास्तव के साथ केसली की सद्भावना पब्लिक स्कूल का निरीक्षण किया।सागर एसडीएम विजय डेहरिया ने अपने दल के साथ सागर ग्रामीण क्षेत्र के निजी विद्यालयों जिसमे अभ्युदय पब्लिक स्कूल मकरोनिया का निरीक्षण किया। एसडीएम डेहरिया के दल में नायब तहसीलदार रितु जायसवाल सहायक संचालक एस चढ़ार एस के स्वर्णकार राजकुमार असाटी वी आर सी अनिल डिम्मा शामिल थे। इसी प्रकार राहतगढ़ एसडीएम द्वारा सेंट थॉमस पब्लिक स्कूल का निरीक्षण किया गया ऐसा अवसर पर तहसीलदार निर्मल सिंह राठौड़ राजकुमार कपूर सहित टीम के सदस्य मौजूद थे। एसडीएम रहली गोविंद दुबे ने तहसीलदार ऋषि गौतम विकासखंड शिक्षा अधिकारी हिंदू नाथ तिवारी के साथ गढ़ाकोटा की निजी विद्यालयों का निरीक्षण किया।
एसडीएम माल्थोन रविश श्रीवास्तव द्वारा अपने टीम के साथ मां सरस्वती ज्ञान मंदिर माल्थोन का निरीक्षण किया गया।श्रीमती गर्ग ने सर्वप्रथम आज जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन, विकासखंड शिक्षा अधिकारी रेणु परस्ते, मनोज तिवारी, प्राचार्य के जैन के साथ ब्लू बेल्स पब्लिक स्कूल पहुंचकर निरीक्षण किया एवं दो दर्जन से अधिक बिंदुओं की जानकारी के संबंध में जानकारी एकत्रित की। उन्होंने विद्यालय का भौतिक सत्यापन भी किया।
: विश्व रक्तदाता दिवस पर स्वास्थ्य विभाग ने पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह को आभार पत्र सौंपा
Fri, Jun 14, 2024
सागर I विश्व रक्तदाता दिवस पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने रक्तदान में उल्लेखनीय सहयोग करने के लिए पूर्व गृहमंत्री, विधायक भूपेन्द्र सिंह के कार्यालय पहुंच कर उनका स्वागत किया और गत माह 17 से 19 मई को आयोजित वृहद रक्तदान शिविर के माध्यम से 1425 यूनिट रक्त ब्लड बैंक को सौंपने का आधिकारिक प्रमाण पत्र व आभार पत्र उन्हें सौंपा।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ममता तिमोरे, क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य डॉ.ज्योति चौहान व रक्त कोष अधिकारी डॉ. महेश जैन पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह के कार्यालय पहुंचे। उनका पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया और जन्मदिवस के उपलक्ष्य में सामाजिक सरोकार के लिए लगाए गए रक्तदान शिविर से प्राप्त 1425 यूनिट रक्त के लिए आभार सहित प्रमाण पत्र सौंपा। उल्लेखनीय है कि पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह के जन्मदिवस पर उनके आहृवान पर आयोजित वृहद रक्तदान शिविर में एकत्रित 1425 यूनिट रक्त जिला स्वास्थ्य विभाग के रक्त कोष को सौंपा गया था।
: योगाचार्य विष्णु आर्य को मिला लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड
Fri, Jun 14, 2024
सागर I केंद्र सरकार के युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय से संबद्ध योगासन भारत ने प्रसिद्ध योगाचार्य श्री विष्णु आर्य को योग के क्षेत्र में प्रचार प्रसार और नागरिकों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए किए गए कार्यों को लेकर लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया है। यह अवार्ड पिछले साल गोवा में आयोजित 37 वे राष्ट्रीय खेल महोत्सव के दौरान दिया जाना था। लेकिन योगाचार्य विष्णु आर्य अपरिहार्य कारणों के चलते गोवा नही जा सके थे। पिछले दिनो योगासन भारत ने यह अवार्ड डाक के जरिए योगनिकेतन योग प्रशिक्षण संस्थान सागर में आग्रह के साथ भेजा।
पिछले 60 वर्षो से योग के क्षेत्र में कार्य कर रहे, योगाचार्य विष्णु आर्य
योगाचार्य विष्णु आर्य पिछले 60 वर्षो से योग के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहे है। उनको अनेक प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के अवार्ड से नवाजा जा चुका है। मध्यप्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग के क्षेत्र में दिए जाने वाले राम जी महाजन पुरस्कार से सम्मानित योगाचार्य विष्णु आर्य को मध्यप्रदेश सरकार के योग के क्षेत्र में दिए जाने वाले स्वामी विवेकानंद सम्मान के लिए भी चयनित किया गया है।
राज्य सरकार के योग आयोग के सागर के जिला अध्यक्ष योगाचार्य विष्णु आर्य के मार्गदर्शन में सागर की अनेक संस्थाओं में इन दिनों 21 जून को आयोजित होने वाले योग दिवस की तैयारिया की जा रही है। इसके साथ ही योग निकेतन योग प्रशिक्षण संस्थान सागर में नियमित योगाभ्यास और स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाता है। योगाचार्य विष्णु आर्य ने कहा है कि हमारा उद्देश्य हमारी गौरवशाली परंपरा योग विज्ञान को जन जन तक पहुंचाना है। हमारे शारीरिक,मानसिक और आध्यात्मिक सभी तरह की उन्नति का मार्ग योग विज्ञान में है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को शुरुआत कराकर इसे पुनरस्थापित किया करने का काम किया है।