: नवागत कलेक्टर पहुंचे ज़िला अस्पताल, घायल बच्चों से ली स्वास्थ्य की जानकारी
Tue, Aug 6, 2024
सागर I शाहपुर की घटना में घायल हुए दो बच्चों की जानकारी लेने नवागत कलेक्टर संदीप जी आर जिला चिकित्सालय पहुंचे। उन्होंने वहां इलाजरत दोनों बच्चों एवं उनके परिजनों से मुलाकात की तथा उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य डॉक्टर ज्योति चौहान, सीएमएचओ डॉक्टर ममता तिमोरी , सिविल सर्जन डॉक्टर आर.एस. जैन तथा अन्य संबंधित डॉक्टर, पैरा मेडिकल स्टाफ को निर्देश दिए कि इन बच्चों सहित यहां इलाज ले रहे सभी मरीजों को बेहतर से बेहतर इलाज मिले। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला अस्पताल में इलाज ले रहे और यहां इलाज के लिए आ रहे सभी पात्र व्यक्तियों के शत प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाना सुनिश्चित करें।
गुटखा मुक्त बनाएं परिसर
उन्होंने कहा कि इस सप्ताह एक विशेष अभियान चलाते हुए अस्पताल के संपूर्ण परिसर को गुटका मुक्त बनाएं। इस संबंध में सभी चौनल गेट पर सिक्योरिटी गार्ड की व्यवस्था रहे तथा सभी जगह संबंधित स्थानों पर डस्टबिन रखें जिससे कि परिसर में आ रहे व्यक्ति की जांच के के उपरांत गुटका या अन्य संबंधित पदार्थ डस्टबिन में फेंका जा सके।
उन्होंने जिला अस्पताल के महिला वार्ड का निरीक्षण करते हुए वार्ड के पीछे बरामदे में रखे पुराने सामान, कबाड़ आदि को हटाने, सफाई करने और आवश्यक कार्रवाई करने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हमें संपूर्ण परिसर को स्वच्छ रखना है। उन्होंने मरीजों के पलंग के चादर दैनिक रूप से धुलवाने और बदलवाने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि अनावश्यक रूप से एक मरीज के साथ एक से ज़्यादा अटेंडर न आएं, जिससे अस्पताल पर अनावश्यक भार भी नहीं पड़ेगा और परिसर व्यवस्थित, स्वच्छ भी रहेगा।
वार्डों में डिस्प्ले करें संपर्क नंबर
कलेक्टर संदीप जी आर ने निर्देश दिए कि वार्डों में मरीज और उनके परिजनों की सुविधा के लिए संपर्क नंबर डिस्प्ले करें। जिससे कि आवश्यकता होने पर दिए गए नंबर पर संपर्क करते हुए परिजन / मरीज बात कर जानकारी और मदद ले सकें। निरीक्षण के दौरान एडीएम रूपेश उपाध्याय, सिटी मजिस्ट्रेट जूही गर्ग भी मौजूद रहे।
: शाहपुर की घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री ने व्यक्त की संवेदनाएं
Mon, Aug 5, 2024
सागर I शाहपुर नगर परिषद में हुई घटना और मासूम बच्चों की मृत्यु पर भारत की राष्ट्रपति मती द्रौपदी मुर्मू ने भी अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं और परिवार जनों को इस दुखद घड़ी में शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है। उनके ऑफिशियल एक्स अकाउंट से इस संबंध में एक पोस्ट किया गया है जिसमें लिखा है कि,
सागर, मध्य प्रदेश में एक हृदय विदारक दुर्घटना में अनेक मासूम बच्चों की मृत्यु के समाचार से मन दुखी है। मैं प्रार्थना करती हूं कि ईश्वर शोक संतप्त माता-पिता एवं परिवारजनों को यह पीड़ा सहन करने की शक्ति प्रदान करें। मैं घायल हुए बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शाहपुर की घटना पर व्यक्त की संवेदनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शाहपुर की हृदय विदारक घटना पर संवेदनाएं व्यक्त की हैं। इस संबंध में पीएमओ इंडिया के ऑफिशल अकाउंट से पोस्ट किया गया है, जिसमें लिखा है कि
"मध्य प्रदेश के सागर में दीवार गिरने से हुआ हादसा हृदयविदारक है। इसमें जान गंवाने वाले बच्चों के शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें इस पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करे। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"
इसके अतिरिक्त पीएमएनआरएफ फंड से मृतक बच्चों के परिवार को दो लाख तथा घायल बच्चों के परिवार को 50 हजार रुपए की राशि सहायता राशि देने का भी उल्लेख है।
https://twitter.com/PMOIndia/status/1820069646931730881
: शिक्षकों की अब सार्थक एप से लगेगी उपस्थिति
Wed, Jul 31, 2024
सागर I संभाग के सभी शासकीय विद्यालयों के शिक्षकों के आने की उपस्थिति एवं विद्यालय के बंद होने के समय की उपस्थिति अब सार्थक एप से दर्ज की जाएगी। साथ में कोई भी विद्यार्थी फीस के अभाव में प्रवेश एवं परीक्षा से वंचित नहीं होना चाहिए ।
उक्त निर्देश संभाग कमिश्नर डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत ने शिक्षा विभाग की संभागीय समीक्षा बैठक में दिए। इस अवसर पर जॉइंट कमिश्नर विनय द्विवेदी, संयुक्त संचालक संभागीय लोक शिक्षण मनीष वर्मा, डॉ. धीरेंद्र मिश्रा, सहायक संचालक आशुतोष गोस्वामी, जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन, जिला परियोजना अधिकारी गिरीष मिश्रा, मनीषा अलेक्जेंडर, जिला शिक्षा अधिकारी दमोह सुनील कुमार नेमा सहित समस्त जिलों के जिला शिक्षा अधिकारी, परियोजना अधिकारी जिला शिक्षा केंद्र सहित समस्त शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
शिक्षा विभाग की संभागीय समीक्षा बैठक में संभाग कमिश्नर डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि कोई भी विद्यार्थी फीस के अभाव में प्रवेश एवं परीक्षा से वंचित नहीं होना चाहिए और यदि ऐसा होता है तो संबंधित जिला का जिला शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी दोषी माने जाएंगे।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति समय पर हो इसके लिए सभी शिक्षक अब सार्थक एप से अपनी उपस्थिति आते समय एवं जाते समय दर्ज कराएंगे। उन्होंने कहा कि संभाग के सभी जिलों में यह सुनिश्चित किया जाए कि विद्यालय समय से खुलें और समय से बंद हों। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में उपस्थिति बढ़ाने के लिए प्रत्येक माह अभिभावकों की बैठक आयोजित की जाए एवं उन्हें छात्र-छात्राओं की प्रगति से अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों की मैपिंग की जाए जिससे कि उनका समय पर छात्रवृत्ति, साइकिल, गणवेश, पाठ्य पुस्तक प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि जिस जिले की मैपिंग लक्ष्य के अनुसार कम है उनको कारण बताओं नोटिस जारी किए जाए।
उन्होंने कहा कि कक्षा एक से आठ तक का एनरोलमेंट 8 लाख से अधिक है जो कि अभी तक 90 प्रतिशत हुआ है, शीघ्र ही 100 प्रतिशत का लक्ष्य को पूरा करें। इसी प्रकार कक्षा 9 से 12 का लक्ष्य 3 लाख से अधिक है जो की 92 प्रतिशत किया जा चुका है शेष बचा 8 प्रतिशत लक्ष्य भी तत्काल पूरा करें।
संभागीय संयुक्त संचालक लोक शिक्षण डॉ. मनीष वर्मा ने बैठक में जानकारी देते हुए बताया कि अभी तक संभाग में कक्षा पहली से आठवीं तक 42 लाख से अधिक पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया जा चुका है। 9 से 12 तक की विद्यार्थियों को 32 लाख से अधिक पुस्तकों का वितरण किया जा चुका है।
संभागीय कमिश्नर डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में बन रहे सी एम राइज विद्यालयों का समय-समय पर निरीक्षण करें एवं गुणवत्ता के साथ समय सीमा में कार्य पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि सीएम राइज मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी योजना है जिससे कि इनके निर्माण होने के पश्चात् विद्यार्थियों को गुणवत्ता युक्त विद्यालय भवन एवं अन्य सुविधाओं के साथ गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्राप्त हो सकेगी। उन्होंने कहा कि विद्यालयों के निर्माण के समय बिजली फिटिंग, दरवाजे, खिड़की की फिटिंग विशेष रूप से देखी जाए एवं शौचालय में की जाने वाली नल फिटिंग भी देखें जिससे कि कहीं से भी कोई लीकेज या करंट फैलने की संभावना न रहे।
डॉ. रावत ने निर्देश दिए कि शिक्षा विभाग में जिन शिक्षकों, प्राचार्यों एवं कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति होना है उनकी 6 माह पूर्व सेवानिवृत्ति की सभी पूर्तियाँ पूरी की जावें एवं सेवानिवृत्ति के दिन सभी प्रकार के लाभांश उनको प्राप्त हो सके इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने संभाग के विद्यालयों में आईसीटी लैब के संबंध में जानकारी प्राप्त की एवं कहा कि सभी आईसीटी लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को शैक्षणिक अध्ययन कराया जाए एवं अन्य जानकारी भी दी जावे। उन्होंने कहा कि सभी जिले, लंबित पेंशन प्रकरणों की प्रत्येक सप्ताह समीक्षा करें एवं उनका निराकरण करे।